फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehpur News: सात दिन में 27 मौतें, चालान से आगे नहीं बढ़ पा रही व्यवस्था

विज्ञापन
फोटो-15-फतेहपुर: रेलवे स्टेशन के सामने से बिना हेलमेट के जाते तीन बाइक सवार। संवाद - फोटो : Archive
विज्ञापन
= 52 हएु घायल, यातायात माह बना कार्रवाई और जुर्माने का अभियान
विज्ञापन

= हर दिन किसी घर का चिराग बुझा रही सड़कें, फाइलों में दफन हो गई राहवीर योजना
संवाद न्यूज एजेंसी

फतेहपुर। सड़कों पर मौत का तांडव जारी है। कहीं तेज रफ्तार किसी मां की गोद सूनी कर रही है तो कहीं किसी का सुहाग उजाड़ रही है। कहीं मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ रहा है तो कहीं पूरा परिवार अस्पतालों के चक्कर काटने को मजबूर है। इन सबके बीच जिले में यातायात माह मनाया जा रहा है। पुलिस हेलमेट और सीटबेल्ट के लिए जागरूकता अभियान चला रही है, चालान काट रही है और जुर्माना वसूल रही है। वहीं, दूसरी ओर एक सप्ताह में 27 लोगों की मौत और 52 लोगों के घायल होने का आंकड़ा व्यवस्था के सामने सबसे बड़ा सवाल बनकर खड़ा है। शायद ही कोई दिन ऐसा गुजरता हो, जब जिले की किसी न किसी सड़क पर हादसे का खून न बिखरता हो।
यातायात माह का मकसद लोगों को सुरक्षित सफर का पाठ पढ़ाना है, लेकिन जिले की सड़कों पर हालात इसके उलट तस्वीर दिखा रहे हैं। हादसों के बाद पुलिस पहुंचती है, एंबुलेंस घायलों को अस्पताल ले जाती है, पोस्टमार्टम होता है और फिर मामला सरकारी रिकार्ड का हिस्सा बन जाता है। कुछ दिन बाद वही सड़क, वही रफ्तार और वही लापरवाही फिर किसी परिवार की खुशियां छीन लेती है। सवाल यह है कि क्या यातायात माह केवल चेकिंग, चालान और जुर्माना वसूली तक सिमटकर रह गया है।
विज्ञापन


============

आंकड़ों में सिमटती जा रही जिंदगियां

बीते एक सप्ताह में 27 लोगों की मौत और 52 लोगों का घायल होना सामान्य दुर्घटनाओं का सिलसिला नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी है। हर मौत के पीछे एक परिवार है, जिसकी दुनिया अचानक उजड़ जाती है। किसी घर में कमाने वाला नहीं बचता तो कहीं बच्चों की परवरिश का सहारा छिन जाता है। घायलों में कई ऐसे होते हैं, जिन्हें जिंदगीभर हादसे का दर्द और उसका आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है।

==============

चालान काटने से आगे कब बढ़ेगा यातायात माह
हेलमेट और सीटबेल्ट का इस्तेमाल अनिवार्य है। तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना, ओवरलोडिंग और नशे में ड्राइविंग भी हादसों की बड़ी वजह बनती हैं, लेकिन केवल चालान काटकर सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी नहीं हो सकती। जिन मार्गों पर बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर सुधार क्यों नहीं कराया जा रहा। हाईवे के कट, अंधे मोड़, अवैध पार्किंग, खराब संकेतक और अंधेरे में डूबी सड़कें आखिर कब सुरक्षित होंगी। इसका जवाब यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को देना चाहिए।

==============

फाइलों में दबी राहवीर योजना, मदद करने वाले हाथों को इंतजार
सड़क हादसे में घायल व्यक्ति के लिए शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। समय पर अस्पताल पहुंचने से उसकी जान बच सकती है। इसी सोच के साथ राहवीर योजना शुरू की गई थी। इसके तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। इसका उद्देश्य लोगों को पुलिस और कानूनी कार्रवाई के डर से मुक्त कर घायलों की मदद के लिए आगे लाना है। जिले में इस योजना का प्रचार-प्रसार शून्य है। जिसका परिणाम है कि जिले में इस योजना से अब तक कोई भी लाभान्वित नहीं हुआ है। यदि योजना फाइलों तक सीमित रह गई है तो यह व्यवस्था की बड़ी विफलता है।
==============
एक करोड़ से यातायात व्यवस्था हाईटेक करने की मंशा
प्रदेश सरकार ने इसी माह सड़क हादसों में होने वाली मौतों में 50 प्रतिशत कमी लाने के लक्ष्य के तहत फतेहपुर समेत 25 जिलों में इलेक्ट्रॉनिक इंफोर्समेंट डिवाइस लगाने के लिए एक-एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इन उपकरणों से ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा प्रदेश में 18 इंटरसेप्टर वाहन, 85 स्पीड लेजर गन और 270 ब्रेथ एनालाइजर खरीदे जाएंगे। इन संसाधनों से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद है।
===============
वर्जन
यातायात नियमों का पालन केवल चालान कटने या पुलिस की कार्रवाई के डर से न करें, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए करें। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और नशे की हालत में ड्राइविंग न करें। - अभिमन्यु मांगलिक, पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन

=============
वर्जन
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए परिवहन विभाग की ओर से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत स्कूल-कॉलेजों, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख चौराहों पर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे में ड्राइविंग से बचने और सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने की जानकारी दी जाएगी। हमारा उद्देश्य चालान या कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों की आदतों में बदलाव लाकर बहुमूल्य जीवन को सुरक्षित रखना है। जनसहभागिता से ही सड़क हादसों में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। - हिमेश तिवारी, आरटीओ

फोटो-15-फतेहपुर: रेलवे स्टेशन के सामने से बिना हेलमेट के जाते तीन बाइक सवार। संवाद- फोटो : Archive

फोटो-15-फतेहपुर: रेलवे स्टेशन के सामने से बिना हेलमेट के जाते तीन बाइक सवार। संवाद- फोटो : Archive

फोटो-15-फतेहपुर: रेलवे स्टेशन के सामने से बिना हेलमेट के जाते तीन बाइक सवार। संवाद- फोटो : Archive

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें