- एक सप्ताह में मांगी आख्या, कहीं समय से पहले बंद मिला मदरसा तो कहीं शिक्षक और प्रधानाचार्य मिले नदारद
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। जिले के तीन मदरसों के निरीक्षण में मिली अनियमितताओं पर कार्रवाई की रिपोर्ट न भेजने पर अल्पसंख्यक आयोग ने नाराजगी जताई है। आयोग के सदस्य मोहम्मद असलम ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सरिता भारती को पत्र भेजकर एक सप्ताह में कार्रवाई की आख्या मांगी है।
आयोग के सदस्य ने बताया कि 14 अक्तूबर 2026 को सनगांव स्थित मदरसा शमशुल उलूम के निरीक्षण में दोपहर दो बजे ही ताला बंद मिला, जबकि बंद होने का समय तीन बजे था। चपरासी, लिपिक, शिक्षक और प्रधानाचार्य कोई मौजूद नहीं था। इसी गांव के मदरसा जामिया इस्लामिया मदीनतुल उलूम में शिक्षक मोईनुल हक खां के हस्ताक्षर उपस्थिति पंजिका में दर्ज थे, लेकिन मौके पर कोई नहीं मिला।
वहीं, चक कोर्रा सादात स्थित मदरसा फुरकानिया के प्रधानाचार्य छात्र-छात्राओं की कुल संख्या और मौके पर मौजूद बच्चों की संख्या नहीं बता सके। आयोग ने तीनों मदरसों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन विभाग की ओर से कार्रवाई की आख्या नहीं भेजी गई। आयोग ने मदरसों की सूची के साथ प्रधानाचार्यों और शिक्षकों के नाम, शैक्षिक योग्यता व निवास का विवरण भी मांगा था। आरोप है कि विभाग ने यह जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई। आयोग ने इसे विभागीय लापरवाही माना है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सरिता भारती ने बताया कि कार्रवाई संबंधी जवाब सोमवार को तैयार कराया गया है। जल्द ही आयोग को पूरी आख्या भेज दी जाएगी।