फतेहपुर। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) जिले के 16 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। 25 और 30 अक्तूबर तथा एक नवंबर को होने वाली परीक्षा में कुल 36,144 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने केंद्र प्रभारियों को सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
डीआईओएस ने बताया कि पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 6,024 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस तरह छह पालियों में कुल 36,144 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए केंद्र व्यवस्थापकों के साथ स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की जाएगी।
इन्हें बनाया गया है परीक्षा केंद्र
परीक्षा के लिए एएस इंटर कॉलेज शांतिनगर, बहुआ इंटर कॉलेज, दयानंद इंटर कॉलेज बिंदकी, डॉ. भीमराव आंबेडकर बालिका महाविद्यालय सिविल लाइन, राजकीय डिग्री कॉलेज बहुआ देहात, जीजीआईसी मलवां, महात्मा गांधी पीजी कॉलेज शांतिनगर, मुस्लिम इंटर कॉलेज, पीसीपी इंटर कॉलेज असनी रोड हुसैनगंज, पीएम श्री जीआईसी आबूनगर, पीएम श्री सोहनलाल द्विवेदी जीजीआईसी बिंदकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज बहुआ देहात और दनियालपुर हसवा, सर्वोदय इंटर कॉलेज गोपालगंज तथा श्री निरंकारी गर्ल्स इंटर कॉलेज शांतिनगर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।