फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र में विदेश भेजने का झांसा देकर युवक से 1.54 लाख रुपये हड़प लिए। कोर्ट के आदेश पर ललौली पुलिस ने सोमवार को रिपोर्ट दर्ज की है। गाजीपुर थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव निवासी सोहेल ने पुलिस को बताया कि बुआ मुंतुन ललौली थाना के पैगंबरपुर निवासी हैं। वहीं पर किराना दुकानदार दुलापुर निवासी दिलशाद से मुलाकात हुई। दिलशाद ने विदेश भेजकर नौकरी दिलवाने का झांसा दिया। 1.40 लाख रुपये का खर्च बताकर ओमान की राजधानी मस्कट में नौकरी दिलवाने की बात कही।
दिलशाद ने बिंदकी थाने के जिगनी गांव निवासी आसिफ अहमद व रेहान से मुलाकात कराई और अपनी जिम्मेदारी में रुपये देने की बात कही। 14 नवंबर 2024 को पासपोर्ट के नाम पर 10 हजार रुपये भेजे। 16 नवंबर को 25 हजार रुपये यूपीआई से भेजे। इसी तरह 26 दिसंबर को 25 हजार, 28 दिसंबर को 39600 रुपये, 29 दिसंबर को 10400 रुपये, 20 जनवरी 2025 को 4000 रुपये और 40 हजार रुपये नकद बुआ मुंतुन व कंचन सिंह के सामने दे दिए। रेहान ने फ्लाइट का टिकट और वीजा देकर बताया कि 29 जनवरी की रात को लखनऊ से फ्लाइट है। पासपोर्ट वहीं मिल जाएगा। 29 को रेहान ने फोन में बताया कि पासपोर्ट नहीं बन पाया है।
5 फरवरी को फ्लाइट का टिकट बुक करने की जानकारी दी। इसके बाद से रेहान व आसिफ ने फोन में बात करना बंद कर दिया। वीजा टिकट लेकर लखनऊ में पूछताछ की। जानकारी मिली कि वीजा और टिकट फर्जी हैं। उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। पुलिस और एसपी से शिकायत की। सुनवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट लिखकर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है
-