अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। सुप्रीम कोर्ट के तीन तलाक पर रोक लगाने के बावजूद तलाक देने का सिलसिला थम नहीं रहा है। जिले में एक सप्ताह के दौरान हुए दूसरे मामले में पति ने व्हाट्सअप से मैसेज भेज पत्नी को तलाक दे दिया। महिला ने पति के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। उधर, कोर्ट में चल रहे घरेलू हिंसा और तलाक के मामले में एक फौजी पति ने पत्नी के घर पर आकर हंगामा काटा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस दंपति को कोतवाली ले आई।
शहर के कबाड़ी मार्केट मोहल्ले की एक युवती की ससुराल रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र के गांव में है। महिला का आरोप है कि दहेज के लिए ससुराल पक्ष के लोग प्रताड़ित करते हैं। एक माह से मायके में रह रही है। उसके पति ने मोबाइल पर व्हाट्सअप कर तलाक का मैसेज भेजा है। महिला ने पुलिस को तहरीर भी दी है। कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि मामला उनके पास नहीं पहुंचा है। तहरीर पर जांच की जाएगी। उधर, दूसरे मामले मेें शनिवार को फौजी ने घरेलू हिंसा और तलाक के चल रहे केस को लेकर पत्नी के घर पर पहुंचकर जमकर हंगामा काटा।
थरियांव थाना क्षेत्र के करमचंद्रपुर साड़ा गांव निवासी मोहम्मद हारुन जालंधर में फौजी हैं। शहर के खलील नगर इलाके में परिवार के लोग रहते हैं। इन दिनों छुट्टियों पर घर आए हैं। उनकी शादी हथगाम थाना क्षेत्र के कस्बे में रूबीना के साथ हुई थी। दोनों पक्षों के बीच करीब छह माह से घरेलू हिंसा और तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है। महिला का आरोप है कि वह तलाक का विरोध करती है। शनिवार को पति ने घरवालों के साथ झगड़ा किया। घर से भगाने को गृहस्थी का सामान फेंककर हंगामा काटा है। कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि इनका मामला दहेज प्रताड़ना व तलाक का कोर्ट में चल रहा है। दोनों पक्षों को कोतवाली लाया गया है।