करंट लगने से युवक की मौत होने के बाद लगी भीड़। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। शौच करने गया युवक खेत में झूल रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बिजली कर्मचारियों व अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर फर्रुखाबाद-शमसाबाद पर गांव चिलसरा के सामने जाम लगा दिया। एसओ के कहने पर जाम नहीं खुला। एसडीएम के आश्वासन पर दो घंटे बाद जाम खुला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
थाना क्षेत्र के गांव चिलसरा निवासी स्व. रामआसरे का 19 वर्षीय पुत्र उमेेश सिंह हरियाणा के जनपद रोहतक में अचार बेचने का काम करता था। वह मंगलवार सुबह रोहतक से गांव दिवाली मनाने के लिए आया था। दोपहर में लगभग ढाई बजे उमेश मकान के पीछे पूर्व प्रधान भारत सिंह के खेत में शौच के लिए गया। खेत में कई दिनों से बिजली की हाईटेंशन लाइन झूल रही थी। इससे अंजान उमेश तार की चपेट आ गया। उसकी गर्दन में तार फंस गया। करंट लगने से आधी गर्दन कट गई और उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने डंडा मारकर तार से उमेश को अलग किया और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची मां चमेली देवी, दादी सोमवती, भाई रवि, प्रभु दहाड़े मारकर रोने लगे। परिजनों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर फर्रुखाबाद-शमसाबाद चिलसरा के सामने जाम लगा दिया। इसकी सूचना पर एसओ दिग्विजय सिंह पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन परिजन जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। एसडीएम कायमगंज गौरव शुक्ला, तहसीलदार कर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने बिजली कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई व मुआवजा दिलवाने का भरोसा दिया। इस पर दो घंटे बाद जाम खुल गया। पुलिस ने दोनों ओर फंसे वाहनों धीरे-धीरे निकलवाया।
उमेश के रोते बिलखते परिजन। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD