शमसाबाद ब्लाक परिसर में मारपीट के बाद गश्त करते पुलिस कर्मी।
- फोटो : FARRUKHABAD
युवक को ब्लॉक गेट दबंगों ने पीटा
शमसाबाद। बाइक तेज चलाने के विवाद में युवकों को दबंगों ने ब्लॉक गेट पर डंडों से जमकर पीटा और मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से एक हमलावर की बाइक मिली है। पीड़ित युवक ने मारपीट कर सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है।
शमसाबाद विकास खंड के गांव बुुढ़नपुर निवासी अजीत यादव मंगलवार को अपने दोस्त कायमगंज कोतवाली के गांव जिरखापुर निवासी शिवम यादव के साथ ब्लॉक में नामांकन पत्र खरीदने के लिए आए थे। शिवम बाइक चला रहा था। अजीत नामांकन पत्र लेने के लिए अंदर चला गया।
आरोप है कि तभी पास के मोहल्ले के दो युवक आए, उनकी शिवम से बाइक धीरे चलाने की बात पर कहासुनी हो गई। दोनों युवक उस वक्त वहां से चले गए और कुुछ देर बाद अपने साथियों के साथ आए और शिवम को जमकर पीटा।
सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से एक आरोपी की बाइक मिली है। शिवम ने मारपीट व सोने की चेन छीन कर ले जाने के आरोप में दबंगों के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ आरके रावत ने बताया कि पूरे मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। खंड विकास अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि मारपीट की जानकारी नहीं है। सुरक्षा को लेकर पुलिस तैनात करवा दी गई है।