फर्रुखाबाद। शहर के पांचालघाट बंधा के पूर्वी ओर रविवार की देर शाम हमलावरों ने महिला की गला रेतकर शव पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया। पुलिस ने मामले के जल्द खुलासे की बात कही है।
शहर के गांव सोताबहादुरपुर में रहने वाली सुनारजादी (62) पत्नी याकूब का खेत पांचालघाट बंधा पूर्वी ओर है। रविवार की सुबह यह कटरी में लौकी की फसल देखने गई थी। शाम तक नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। इन्हें खेत से कुछ दूरी पर गड्ढे में शव दिखाई दिया।
सूचना पर शहर कोतवाल रूम सिंह यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव वालों की मदद से गड्ढे से शव को बाहर निकलवाया। सुनारजादी केे गले में धारदार हथियार के वार के निशान मिले हैं। पेट में कांच की टूटी बोतल धंसी थी। पुलिस ने शव से कुछ दूरी पर एक मोबाइल और एक चप्पल बरामद की है। रूम सिंह ने डाग स्क्वायड टीम को भी बुला लिया। देर रात तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
मृतका के परिजनों का कहना है कि हत्यारों ने लूट के मकसद से वारदात को अंजाम दिया है। एएसपी आरबी चौरसिया ने मौके पर जाकर जानकारी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल ने वारदात के जल्द खुलासे का दावा किया है।