फर्रुखाबाद। महिला का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। भाई की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। महिला का पति और देवर दिल्ली में नौकरी करते हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल अभी तक किसी भी तरह के आरोप की बात सामने नहीं आई है।
मऊदरवाजा थाने के गांव महलई निवासी अनूप कुमार की पत्नी पूजा देवी (23) का शव गुरुवार देर रात मकान के ही एक कमरे में फंदे पर लटका मिला। ससुर सोवरन सिंह राजपूत, पत्नी के साथ खेतों पर काम करने गए थे। रात जब घर लौटे, तो कमरे में शव फंदे पर लटका देखा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। फिरोजाबाद के थाना मक्खनपुर के गांव बिल्सीगढ़ वेदजीत निवासी पूजा का भाई शिवनंदन महलई पहुंचा। उसने पुलिस को लिखित में सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। भाई ने बताया कि बहन की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। पूजा के ढाई साल का बेटा कृष्णा है।