सीएचसी कायमगंज में कोरोना जांच के लिए नमूना लेता कर्मचारी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। कुछ दिनों से मौसम में बदलाव के साथ सर्दी, जुकाम और सांस के मरीज बढ़े हैं। ऐसे में लोगों को कोरोना का डर सता रहा है। एहतियात के तौर पर सीएचसी की ओपीडी में आने वाले मरीजों की कोरोना की जांच के बाद दवा दी जा रही है। डॉक्टर के अनुसार सर्दी, जुकाम के मरीज मौसम में बदलाव के कारण बढ़े हैं। डरने की बजाय सतर्क रहने की जरूरत है। बुधवार को 222 लोगों के नमूने लेकर एंटीजन किट से जांच की गई। इसमें पपड़ी गांव का 60 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव निकला है।
इन दिनों सीएचसी की ओपीडी में 300 से 350 मरीज पहुंच रहे हैं। मरीजों में सबसे ज्यादा सर्दी जुकाम से पीड़ित हैं। ओपीडी परिसर में कोरोना की जांच के लिए काउंटर लगा है। मरीज पंजीकृत काउंटर से पर्चा लेकर पहले कोरोना की जांच के लिए नमूना देता है। इसके बाद उसे डॉक्टर दवा लिखकर दे रहे हैं। यहां आने वालों में खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या तो अधिक हैं, मगर कोरोना पॉजिटिव की संख्या कम ही है।
बुधवार को एलटी सतेंद्र कुमार ने खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ितों के 222 नमूने लिए। इसमें गांव पपड़ी निवासी एक व्यक्ति किट की जांच में पॉजिटिव निकला। उन्हें घर भेज दिया गया है। स्वास्थ्य टीम शमसाबाद को सूचना दे दी गई है। जांच कराने और सर्दी जुकाम की दवा लेने के बाद लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
सीएचसी चिकित्साधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव से कुछ दिनों से सर्दी जुकाम के मरीज बढ़े हैं। ऐसे में लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। सर्दी से बचाव रखें और जांच कराते हुए उपचार लें। उन्होंने कहा कि सुबह शाम नंगे पैर न रहें, बारिश में न भीगें, सर्दी जुकाम वाले मरीज से दूरी बनाकर रखें।