फर्रुखाबाद। चेकिंग के दौरान भाजपा सभासद व व्यापारी से मारपीट करने वाले दोनों निलंबित दरोगा के मेडिकल में शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है। सीओ अमृतपुर ने घटनास्थल पर जाकर पूरे मामले की जांच की है।
कमालगंज थानाक्षेत्र के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी सभासद शिवकुमार उर्फ पप्पू हलवाई के पुत्र विकास हलवाई को दरोगा मिथलेश कुमार व हेमंत कुमार ने वाहन चेकिंग के दौरान रोककर हेलमेट नहीं लगाने पर बुधवार को चालान कर दिया था। जानकारी पर पहुंचे सभासद के विरोध जताने पर दोनों दरोगा ने उनके साथ मारपीट कर दी थी। बीच-बचाव करने पहुंचे व्यापारी गौरव गुप्ता व मोनू गुप्ता के साथ भी दरोगा ने मारपीट की थी।
इससे सभासद ने जाम लगा दिया था। इसी दौरान पहुंचे मंत्री धर्मपाल सिंह जाम में फंस गए थे। सभासद ने मंत्री को पूरे मामले की जानकारी दी थी। भाजपा नेताओं ने इस संबंध में आईजी जोन प्रशांत कुमार से शिकायत की थी। आईजी के आदेश पर दरोगा मिथलेश कुमार व हेमंत कुमार को निलंबित कर दिया गया था। दोनों दरोगा का लोहिया अस्पताल में देर रात मेडिकल कराया गया।
डॉ. किरीटी कनौजिया ने शराब की पुष्टि नहीं की। सीओ अमृतपुर अजेय कुमार शर्मा को पूरे मामले की जांच दी गई है। गुरुवार को उन्होंने घटनास्थल पर जाकर जांच कर आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। थाने जाकर दोनों दरोगा की रवानगी वापसी के बारे में जानकारी की।
इनसेट...
बिना सूचना के चले गए थे एसओ
सूत्रों के मुताबिक, एसओ कमालगंज अमर पाल सिंह बुधवार को अधिकारियों को बिना संज्ञान में दिए कुछ घंटों के लिए बाहर चले गए थे। एक पुलिस अधिकारी को जब इसका पता चला तो उन्होंने एसओ से नाराजगी जताई।