फर्रुखाबाद। मायके में आई विवाहिता के साथ युवक ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया और उसके पति के साथ मारपीट की। शिकायत करने पर विवाहिता की मां के साथ आरोपी के पिता ने मारपीट की। पुलिस ने तीन दिन बाद रिपोर्ट दर्ज कर विवाहिता का लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया गया।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की महिला की विवाहित पुत्री व दामाद घर आए थे। चार नवंबर को महिला खेत पर चली गई थी। घर पर विवाहित पुत्री थी और दामाद बाहर गया था।
आरोप है कि गांव का गोविंद घर में घुस आया और विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया। वह घर से निकल रहा था तभी दामाद आ गया। उसके विरोध करने पर युवक ने मारपीट कर दी। महिला के लौटने पर बेटी व दामाद ने जानकारी दी।
महिला गोविंद के घर पर शिकायत करने गई थी। वहां आरोपी के पिता फूलचंद्र ने महिला के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने उसी दिन कोतवाली में तहरीर दी लेकिन पुलिस मामले को दबाए रही। तीसरे दिन गोविंद व फूलचंद्र के खिलाफ दुष्कर्म और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया। मुकदमे की जांच अपराध इंस्पेक्टर कमलेश कुमार को दी गई है।