फर्रुखाबाद। लगभग 15 दिन से पोस्टमार्टम हाउस में पानी की सप्लाई बंद है। ऐसे में कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टर व कर्मचारियों को हाथ धोने के लिए बाहर से पानी लाना पड़ रहा है। शौचालय में पानी नहीं आने से गंदगी का अंबार लग गया है। पत्राचार करने के बाद भी व्यवस्था को दुरुस्त नहीं की गई।
फतेहगढ़ स्थित आधुनिक पोस्टमार्टम हाउस में लगभग 15 दिन से पानी की सप्लाई बंद है। बंदरों ने छत पर रखी पानी की टंकी में लगी पाइप लाइन को तोड़ दिया है। इसके कारण पानी नहीं आ रहा है। पोस्टमार्टम हाउस के शौचालय में भी पानी नहीं आ रहा है। पोस्टमार्टम करने के बाद कर्मचारियों व डॉक्टर को हाथ धोने के लिए बाहर से पानी लाना पड़ रहा है। 10 मई को पोस्टमार्टम हाउस के फार्मासिस्ट विनीत सचान ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अवनींद्र कुमार को पत्र भेजा। इसमें बताया कि बंदरों ने पाइप लाइन को जगह-जगह क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसके कारण पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई है।
पोस्टमार्टम के दौरान जनप्रतिनिधि सांसद व विधायक आते हैं। पोस्टमार्टम हाउस के अंदर बने शौचालय में पानी नहीं आने से गंदगी का अंबार लग गया है। इसके कारण सभी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उसके बाद भी सीएमओ ने पोस्टमार्टम हाउस में पानी की व्यवस्था को दुरुस्त नहीं कराया है।
डिप्टी सीएमओ डाॅ. दीपक कटारिया ने बताया कि कुछ बजट का अभाव है। वहीं, आचार संहिता के कारण नया टेंडर नहीं हो सकता है। आचार संहिता के बाद नया टेंडर होने पर मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।