हैवतपुर गढ़िया स्थित कांशीराम कालोनी में रखीं टूटी टंकियां। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। करीब एक साल पहले 30 लाख रुपये का ठेका होने के बाद भी अभी तक कांशीराम कॉलोनियों के 1500 आवासों पर पानी की टंकियां नहीं लगाई जा सकीं हैं। इससे रोजाना लाखों लीटर पानी नालियों में बह रहा है। पिछले महीने आईं 250 टंकियां एक आवास में रखवा दी गईं। इन्हें आवासों पर लगाने की जरूरत नहीं समझी। लिहाजा कॉलोनियों के बाशिंदे परेशान हैं।
शहर के तीन स्थानों पर कांशीराम कालोनियां बनी हैं। हैवतपुर गढ़िया में 1296, टाउन हाल में 168 और फतेहगढ़ के बंधौआ में 36 आवास हैं। सभी 1500 आवासों को करीब 11 साल पहले बनाया गया था। अधिकांश आवासों की टंकियां टूट चुकी हैं। सुबह-शाम पेयजलापूर्ति के वक्त लाखों लीटर पानी नालियों में बह जाता है। ये हालात कई सालों से हैं। बावजूद इसके पालिका के जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
एक साल पहले नगर पालिका ने तीनों स्थानों की कालोनियों की टंकियां बदलने के लिए तीन-तीन सौ लीटर की 1500 टंकियों का ठेका कर दिया था, मगर समय से टंकियों की आपूर्ति नहीं की गई। नवंबर में 250 टंकियों की एक खेप आई। उन्हें हैवतपुर स्थित कांशीराम कालोनी के एक कमरे में भरवा दिया गया। इसके बाद अभी तक न तो दूसरी खेप आई और न ही इन्हें लगाने की जरूरत समझी गई। इससे कालोनियों में रहने वाले लोग परेशान हैं। पानी भी बह रहा है।
अब 28 लाख का दूसरा टेंडर निकालने की तैयारी
पालिका के जिम्मेदारों की लापरवाही इतनी कि एक साल पहले टंकियों का टेंडर किया। अब जब पहली खेप आई तब उन्हें याद आया कि टंकियां लगाने के लिए पाइप आदि की भी जरूरत पड़ेगी। अब जलकल विभाग 28 लाख रुपये का दूसरा टेंडर निकालने की तैयारी में है। यदि पहले की तरह काम हुआ तो काम कब पूरा होगा इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
टंकियों का आना शुरू हो गया है। ठेकेदार से शीघ्र आपूर्ति के लिए कह दिया है। फिटिंग में कुछ सामान की जरूरत होगी, उसकी भी शीघ्र व्यवस्था करके लगवाने का काम शुरू कराया जाएगा। -रविंद्र कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका।