फर्रुखाबाद। भाजपा नेता मिथलेश अग्रवाल के सीपी इंटरनेशनल स्कूल के छात्रावास में मंगलवार रात को बिजली गुल होने पर बच्चों ने शोर मचा दिया। इससे गुस्साए वार्डन ने डंडे (पीवीसी पाइप) से छात्रों को पीट दिया। आठ छात्र घायल हो गए। विद्यालय प्रबंधन ने रात में ही उनका इलाज कराया। आरोपी वार्डन को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में गुमटी नगला न्यामतपुर में भाजपा नेता व पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मिथलेश अग्रवाल का सीपी इंटरनेशनल स्कूल है। इसके छात्रावास में 64 छात्र रहते हैं। मंगलवार शाम से रात नौ बजे तक बिजली ने आंखमिचौली की। इससे परेशान छात्रावास के बच्चों ने शोर मचा दिया। कुछ छात्र आपस में लड़ने लगे। आरोप है कि कानपुर नगर के किदवईनगर निवासी वार्डन सत्यजीत तिवारी ने पीवीसी पाइप से बच्चों की पिटाई कर दी। सचिन, अयांश, जियांश, आदर्श, ओम सहित आठ छात्र घायल हो गए। किसी बच्चे ने यूपी 112 और परिजन को सूचना दे दी। दरोगा पंकज कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने वार्डन को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। प्रधानाचार्य पी रथ की सूचना पर निदेशक मिथलेश अग्रवाल ने रात में ही पहुंचकर घायल बच्चों को स्कूली बस से कायमगंज स्थित अपने अस्पताल पहुंचाया। वहां उनकी मरहम पट्टी व एक्सरे कराया गया। कई अभिभावक रात में ही बच्चों को ले गए।
कुछ बच्चे अभिभावकों के साथ बुधवार सुबह स्कूल पहुंचे। उन्होंने वार्डन की हरकत का विरोध कर स्कूल से कुछ दूरी पर जाम लगाने का प्रयास किया। प्रधानाचार्य पी रथ शिक्षकों के साथ पहुंचे और अभिभावकों को वहां से स्कूल ले गए। इसी दौरान मिथलेश अग्रवाल भी स्कूल पहुंच गईं। उन्होंने चोटिल बच्चों से बातचीत की। अभिभावकों को भी समझाया। कहा कि वार्डन ने 16 जुलाई को स्कूल में काम शुरू किया था। उसे नौकरी से हटा दिया गया है। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि किसी ने भी तहरीर नहीं दी है। वार्डन को चेतावनी दी गई है। स्कूल की निदेशक मिथलेश अग्रवाल ने बताया कि छात्रों ने वार्डन पर मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने अभिभावकों को भरोसा दिया है कि कोशिश होगी भविष्य में दोबारा घटना न हो। वार्डन को डंडे से बच्चों को नहीं पीटना चाहिए था।
-
एक छात्र छत से कूदने वाला था, साथी ने पकड़ा
वायरल वीडियो में एक छात्र बता रहा कि वार्डन जब पीट रहा था तो वह घबरा गया। वह छलांग लगाने वाला था कि दोस्त ने पकड़ लिया। अभिभावक आनंद कुमार का कहना था कि सबसे पहले वह स्कूल पहुंचे तो वार्डन उनके भतीजे को हड़का रहा था। फतेहगढ़ के सुमित कटियार ने बताया कि उनके दोनों बच्चों के साथ मारपीट की गई।