शमसाबाद। गांव महमदपुर धनी के ग्रामीणों ने गेट संख्या-169 की बंद क्रासिंग को खुलवाने की मांग पर रविवार को धरना-प्रदर्शन किया। क्रासिंग के पास धरना-प्रदर्शन के बाद रेलमंत्री और केंद्र सरकार को संबोधित ज्ञापन अपना दल के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुबोध गंगवार को दिया है। गंगवार ने रेलमंत्री तक ज्ञापन पहुंचाने का आश्वसान दिया है।
ग्रामीणों ने दिए ज्ञापन में कहा कि गेट संख्या-169 क्रासिंग अगस्त 2019 में बंद की गई थी। इसे बंद करने से पहले गांव के लोगों की समस्या नहीं जानी गई। क्रासिंग बंद होने से महमदपुर धनी, घमुइया, रसूलपुर, सहसा जगदीशपुर, कुतुबुद्दीनपुर, अद्दूपुर, करनपुर गंगतारा, फरीदपुर, गढ़िया बबुरारा, नहरोसा, सिकंदरपुर, मई रसीदपुर, भारतनगर व खुड़िनावैध गांव के लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। महमदपुर गांव के लोगों के खेत क्रासिंग
के दूसरी ओर हैं। खेती के लिए करीब तीन किलोमीटर घूमकर ट्रैक्टर लेकर जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों की समस्याओं के मद्देनजर बंद क्रासिंग को खुलवाई जाए। इस दौरान अमर सिंह यादव, राम सिंह, सुनील कुमार, सुरेश चंद, नन्हे लाल, प्रकाश चंद्र, राम स्वरूप, सोनेलाल मौजूद रहे।