फर्रुखाबाद। सातनपुर मंडी में रविवार को नए आलू भाव में 100 रुपये प्रति बोरी उछाल आया है। इससे किसानों ने कुछ राहत महसूस की। वहीं आढ़तियों का भी हौसला बढ़ा।
नए आलू का भाव गिरने से किसान निराश थे। सातनपुर मंडी में रविवार को भाव में करीब 100 रुपये प्रति बोरी की बढ़ोत्तरी हुई। आलू 451 प्रति बोरी से 531 रुपये तक में बिका। मंडी में करीब 8000 बोरी आलू की आमद हुई। पिछले चार दिनों में आलू के भाव पर नजर डालें तो आठ दिसंबर को 281 से 381 रुपये, 9 दिसंबर को 251 से 361 रुपये तक में बिक्री हुई थी।
10 दिसंबर को भाव कुछ उछलकर 331 रुपये से 381 रुपये तक पहुंच गया। शनिवार को भाव 381 रुपये से 451 रुपये प्रति बोरी था। आलू आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष सुधीर वर्मा रिंकू ने बताया कि भाव में अब सुधार होने की उम्मीद है। 100 रुपये प्रति बोरी भाव बढ़ने से आलू किसानों व आढ़तियों को भी राहत मिली है।