कलक्ट्रेट में खड़े कंचनपुर सबलपुर के ग्रामीण। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। अमृतपुर तहसील क्षेत्र के गांव कंचनपुर सबलपुर के 68 फर्जी पट्टे निरस्त होने के बावजूद भूमि पर अवैध कब्जा है। इससे परेेशान ग्रामीणों ने बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम से शिकायत। कब्जेदारों के खिलाफ कार्रवाई व भूमि कब्जा मुक्त न होने पर धरना प्रदर्शन व सत्याग्रह करने की चेतावनी दी।
सर्वोदय मंडल नेता लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में गांव कंचनपुर सबलपुर के ग्रामीण सुबह कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम संजय कुमार सिंह को दिए ज्ञापन में कहा कि तहसील कर्मचारियों ने साजिश के तहत 68 ग्रामीणों के नाम अवैध पट्टे दिखाकर रजिस्टर में दर्ज कर दिए थे। जांच के बाद डीएम ने सभी पट्टे निरस्त कर दिए थे। इस मामले में एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है।
इसके बाद भी पुलिस ने मोटी रकम लेकर 17 दिसंबर को फर्जी धारकों को रात में उसी भूमि पर गेहूं की बुवाई करा दी, जबकि पूर्वजों से काबिज रहे ग्रामीणों को बेदखल कर दिया गया है। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
तहसील प्रशासन ने भी कार्रवाई नहीं कर रहा है। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि यदि अवैैध कब्जेदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वह ग्रामीणों के साथ थाने का घेराव व हाइवे जाम करेंगे। अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन व सत्याग्रह किया जाएगा। उमेश सिंह, कौशल सिंह, सत्यवीर, अतुल, सुरेंद्र, जयशंकर, मदनपाल आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति ने बताया कि अवैध रूप से भूमि कब्जा रहे कुछ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। शेष रह गए लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।