कायमगंज (फर्रुखाबाद)। कंपिल थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद में हमलावरों ने एक भाई को गोली मारकर घायल कर दिया। जबकि दूसरे ने गन्ने के खेत में भागकर जान बचाई। घायल को सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गांव हजियापुर निवासी ओमकार सिंह यादव के घर के लिए जो रास्ता है। उससे आने जाने के लिए उसके परिजन को परिवार का ही युवक रोक रहा है। इसी बात को लेकर शुक्रवार को दोपहर में दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। ओमकार देर शाम पेट में दर्द होने पर भाई इंस्पेक्टर सिंह के साथ पड़ोस के गांव ढमडेरा में दवा लेने गए थे। जहां से लौटते समय बम्बा के पास पहले से घात लगाए बैठे युवक ने साथियों के साथ बाइक में डंडा मारकर ओमकार को गिरा दिया। उन्होंने भागने का प्रयास किया तो आरोपी युवक ने गोली चला दी। गोली पीठ पर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि इंस्पेक्टर गन्ने के खेत से होकर भाग निकले।
मौके पर पहुंचे परिजन ने ओमकार को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। कंपिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो मौके पर बाइक पड़ी मिली। सीओ सोहराब आलम ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।