कंपिल। खेत में सिंचाई करने की रंजिश में दो लोगों ने ग्रामीण को लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस ने ग्रामीण की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना क्षेत्र के गांव बिल्हा निवासी हरवीर बुधवार को खेत में पंपिंग सेट से सिंचाई कर रहा था। पड़ोसी भूरे के खेत में भी पंपिंग सेट लगा है। काफी समय से हरवीर अपने पंपिंग सेट से सिंचाई कर रहा था। इसको लेकर भूरे की कहासुनी हो चुकी थी। इसी रंजिश में भूरे ने साथी अजब सिंह के साथ मिलकर हरवीर से गाली गलौज की। विरोध करने पर दोनों ने लाठी-डंडों से हमला कर हरवीर को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
शोर सुनकर आस पास के खेत में काम कर रहे लोग दौड़े। इस पर भूरे व अजब सिंह जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। परिजन हरवीर को थाने लेकर पहुंचे। पुलिस ने हरवीर की तहरीर पर भूरे व अजब सिंह के खिलाफ मारपीट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया। एसओ जितेंद्र चौधरी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर घायल का मेडिकल कराया गया है।