फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा क्षेत्र के अर्रापहाड़पुर गांव में हनुमानजी ट्रस्ट की जमीन पर फसल सुरक्षा के लिए लगाए गए करंट वाले तारों की चपेट में आकर एक ग्रामीण की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रस्ट के सर्वराकार, उनके बेटे और अन्य परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और स्थिति को नियंत्रण में किया।
अर्रापहाड़पुर निवासी 40 वर्षीय सर्वेश यादव बुधवार रात सब्जी मंडी से घर लौटते समय लापता हो गए थे। बृहस्पतिवार सुबह उनका शव गांव से कुछ दूरी पर स्थित हनुमानजी ट्रस्ट की जमीन पर लगे खेतों के चारों ओर लगाए गए तारों के पास मिला। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि तारों में लगे करंट से सर्वेश की मौत हुई है। इसी बीच, ट्रस्ट के सर्वराकार एकलव्य का बेटा मानव सिंह वहां पहुंचा और बिजली के तार हटाने का प्रयास करने लगा। ग्रामीणों ने उसे रोककर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद एकलव्य और उनके अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे और विरोध करने लगे, जिस पर भीड़ ने उन पर भी पथराव कर दिया और उन्हें पीटकर घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायलों को लिंजीगंज सिविल अस्पताल भेजा, जहां से एकलव्य और मानव को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों की मांग पर प्रभारी तहसीलदार सनी कनौजिया मौके पर पहुंचे और चोरी से चल रही बिजली की केबल कटवा दी। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, सीओ अभय वर्मा और थानाध्यक्ष कपिल कुमार भी पहुंचे।
सर्वेश के भाई देवेंद्र यादव ने ट्रस्ट के सर्वराकार एकलव्य, उनके बेटे मानव सिंह और अन्य परिजनों के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मंदिर की जमीन पर खेती कर रहे एकलव्य ने खेत के चारों ओर बिजली चोरी करके करंट प्रवाहित कर रखा था, जिसकी चपेट में आकर सर्वेश की मौत हो गई। दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ किए गए पोस्टमार्टम किया। सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पैरों में करंट लगने की बात कही गई है, साथ ही हार्टफेल होने से मौत होने की पुष्टि हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
फोटो-17 सर्वेश। फाइल फोटो
फोटो-17 सर्वेश। फाइल फोटो