कायमगंज (फर्रुखाबाद)। झोलाछाप के इंजेक्शन से बुखार के मरीज की मौत होने पर परिजनों ने सीएचसी के बाहर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने फटकार लगाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
लखनपुर गांव के धर्मेंद्र (42) को तीन दिन से बुखार, खांसी और जुकाम था। परिजन अचरा रोड पर एक झोलाछाप से इलाज करा रहे थे। बुधवार को हालत बिगड़ने पर परिजन झोलाछाप के पास ले गए। झोलाछाप ने मरीज को एक इंजेक्शन लगा दिया।
इसके बाद मरीज की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। परिजन मरीज को करीब ढाई बजे सीएचसी ले गए, जहां डॉ. विपिन कुमार ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने से मौत होना बताया। देर शाम तक परिजन अस्पताल में शव लेकर रुके रहे। कुछ लोगों से बातचीत होती रही। देर शाम परिजनों ने सीएचसी गेट के सामने शव रखकर जाम लगा दिया। चौकी पुलिस के समझाने पर प्रदर्शनकारी नहीं माने तो कोतवाली से फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने फटकार लगाकर 20 मिनट बाद जाम खुलवा दिया। इसके बाद शव अस्पताल परिसर में रखवा दिया।
इंस्पेक्टर ने कहा जो मांग है वह बताओ। परिजनों ने झोलाछाप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। इंस्पेक्टर संजय मिश्रा ने बताया कि झोलाछाप की जहां दुकान वह स्थान मेरापुर थाना क्षेत्र में है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है आगे की कार्रवाई मेरापुर थाना पुलिस करेगी।