फर्रुखाबाद। चोरी की कई घटनाओं में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी को एसओजी ने दबोच लिया है। उसके पास से सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद की है।
नवाबगंज, मेरापुर, शमसाबाद और मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की सात घटनाओं में पुलिस को मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव गिलौंदा निवासी अवधेश बहेलिया को काफी समय से तलाश थी।
एसओजी उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने शातिर अवधेश बहेलिया पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। शनिवार को एसओजी प्रभारी बलराज भाटी को सूचना मिली कि अवधेश नवाबगंज क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देने के इरादे से आया है।
एसओजी ने दबिश देकर नवाबगंज के गांव कनासी के बमरुलिया मोड़ से अवधेश को दबोच लिया। पूछताछ के बाद एसओजी ने अवधेश की निशानदेही व 80 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 35 हजार रुपये बरामद कर लिए। अवधेश के खिलाफ नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर रविवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
हत्या, अपहरण और चोरी के दर्ज हैं 13 मुकदमे
पकड़े गए अवधेश के खिलाफ हत्या, अपहरण, चोरी के 13 मुकदमे जिले के थाना मेरापुर, नवाबगंज, शमसाबाद, मऊदरवजा थाने में दर्ज हैं। दो मुकदमे शाहजहांपुर और मैनपुरी में दर्ज हैै। आसपास के जिलों से भी इसका आपराधिक रिकार्ड खंगालने का प्रयास किया जा रहा है।