अमृतपुर। गांव परतापुर कला में कोरोना टीकाकरण के लिए टीम के पहुंचते ही लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। कुछ लोग तो घरों में ताला डालकर गांव के बाहर चले गए। इसकी जानकारी पर बीडीओ ने गांव पहुंचकर लोगों को समझाया। तब कहीं शाम तक 50 लोगों के टीका लगाया जा सका।
विकास खंड राजेपुर क्षेत्र के पांच गांवों कुबेरपुर कुतुलूपुर, भावन, तुषौर, रामपुर जोगराजपुर व परतापुर कला में मंगलवार को कोरोना टीकाकरण के लिए कैंप लगाए गए। गांव परतापुर कला के प्राथमिक विद्यालय में टीम पहुंची। आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांव में लोगों को टीका लगवाने के लिए बुलाने गईं। इस पर कई ग्रामीणों ने घरों के दरवाजे अंदर से बंद कर लिए। कई लोग तो घरों में ताला डाल कर गांव से बाहर चले गए।
खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र जौहर, पूर्ति निरीक्षक इंद्रजीत यादव, सचिव अश्वनी यादव, प्रधानाध्यापक रामबाबू द्विवेदी व अन्य शिक्षक गांव पहुंचे। वहां उन्हें कई घरों के दरवाजों पर ताले लगे मिले। तो कई घरों के दरवाजे अंदर से बंद थे। प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने दरवाजे नहीं खोले। टीम के समझाने पर दोपहर दो बजे तक 18 लोगों ने ही टीका लगवाया। टीका न लगवाए जाने की जानकारी सचिव ने बीडीओ को दी। इस पर बीडीओ गगनदीप सिंह, एडीओ पंचायत अजीत पाठक के साथ गांव पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों व महिलाओं को टीका लगवाने से होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी। इसके बाद शाम 5.30 बजे तक 50 लोगों ने ही टीका लगवाया। तुषौर में 150 से अधिक लोगों के टीका लगा है। कुबेरपुर कुतुलूपुर में 90, रामपुर जोगराजपुर में 110 व भावन में 60 लोगों के टीका लगाया गया।