फर्रुखाबाद में एक शराबी ने पत्नी की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी। चेहरा और हाथ तेजाब डालकर जला दिए। शव छत पर पड़ा मिला। आंगन में खून से सनी ईंट मिली और दीवारों पर भी खून के निशान थे। मृतका की बड़ी बहन ने बहनोई पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट से मौत की पुष्टि हुई। शरीर पर कई अन्य चोटों के निशान मिले हैं।
खेत में छिपे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शहर कोतवाली के गांव चांदपुर निवासी मालती कटियार (54) का पति जबर सिंह शराब का लती है। मालती के नाम 10 डिसमिल कीमती जमीन है। उसे बेचने के लिए जबर दबाव बना रहा था। इससे पति-पत्नी में विवाद होता था। जबर शराब के नशे में उसे पीटता था। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे पड़ोसियों ने मकान की छत पर चादर से कुछ ढंका देखा।
आसपास की छतों पर तमाम लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर पांचाल घाट चौकी प्रभारी हरिओम प्रकाश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ पहुंचे। सीढ़ियों के नीचे आंगन में एक ईंट खून से सनी पड़ी थी। तालाब की ओर खुलने वाले लोहे के दरवाजों और दीवार पर खून के निशान थे। छत पर पहुंचकर चादर हटाई तो खून से लथपथ महिला का शव दिखा। उसके चेहरे और हाथों पर तेजाब डाला गया था। शव में कीड़े पड़ गए थे और बदबू उठ रही थी।
इससे अनुमान है कि दो दिन पहले वारदात को अंजाम दिया गया। जबर घर में नहीं था। इससे पुलिस को संदेह हुआ। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस के साथ खोजबीन की, तो वह तालाब की दूसरी तरफ खेतों में खड़ी फसल के किनारे बैठा मिल गया। पुलिस ने उसे पकड़कर कोतवाली भेज दिया। मालती की बड़ी बहन शांति देवी ने जबर सिंह के खिलाफ डंडा और ईंटों से कुचलकर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है।