जहानगंज। वाहन की टक्कर से घायल युवक की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के गांव सिरौंज निवासी प्रवीन कुमार (38) शुक्रवार की सुबह छह बजे राजपूताना स्कूल के सामने से जा रहे थे। इसी दौरान किसी वाहन चालक ने प्रवीन को टक्कर मार दी और भाग गया। सूचना पर पहुंचे परिजन प्रवीन को लोहिया अस्पताल ले गए। प्रवीन की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने आगरा रेफर कर दिया। वहां इलाज के बाद नर्सिंगहोम से लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन प्रवीन को घर ले आए और इलाज के लिए रुपये का इंतजाम करने में जुट गए।
शनिवार शाम को प्रवीन की घर में ही मौत हो गई। प्रवीन की मौत से परिजन बेहाल हो गए। प्रवीन की चार साल पहले ही थाना शमसाबाद के गांव रोशनाबाद निवासी इंदू से शादी हुई थी। कोई संतान नहीं है।
मां सुशीला देवी, पत्नी इंदू, भाई विनोद, प्रमोद, पिंटू रो-रोकर बेहाल हो गए। भाई विनोद की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर रविवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।