फर्रुखाबाद। संसाधन उपलब्ध कराए बिना काम करने से अवर अभियंताओं ने हाथ खड़े कर दिए हैं। संसाधन मिलने पर ही काम किया जाएगा। यदि कोई अधिकारी बिना संसाधन दिए काम करने का दबाव बनाता है तो उसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। यह निर्णय राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन की हुई बैठक में लिया गया।
सोमवार को विद्युत उपकेंद्र लकूला आवास विकास में राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के पदाधिकारी व सदस्यों की बैठक हुई। इसमें विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने, राजस्व वसूली, कनेक्शन काटने समेत अन्य कार्यों पर चर्चा की गई। जेई सत्येंद्र सिंह ने कहा कि विद्युत भंडार गृह में न तो बंच केबल हैं और न कोई अन्य सामग्री। किस प्रकार लाइन मरम्मत का काम कराया जाए। बिजली चेकिंग के दौरान मारपीट की घटनाएं होती हैं।
बिजली चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस बल मुहैया कराया जाए। जिले में 40 विद्युत उपकेंद्र हैं, लेकिन जेई 20 हैं। एक जेई दो उपकेंद्रों का काम करने में काफी दिक्कत होती है। जेई मासूम अली ने कहा कि चेकिंग के लिए वाहन और टीम उपलब्ध कराई जाए। जेई राघवराम पांडेय ने 1912, आईजीआरएस, तहसील दिवस, सीएम पोर्टल की शिकायतों के निस्तारण करने के लिए उपकेंद्र पर फीडर के आधार पर कुशल श्रमिक दिलाने की मांग की।
झटपट पोर्टल, निवेश मित्र पोर्टल से कनेक्शन देने के लिए अभी कंप्यूटर, प्रिंटर कुछ भी नहीं दिया गया। फिर भी काम समय पर किए जाने का दबाव बनाया जा रहा है। पहले संसाधन मुहैया कराए जाएं, तब काम का दबाव बनाया जाए। अवर अभियंताओं ने विद्युत सामग्री और संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की। अगर बिना संसाधन के काम करने का दबाव बनाया गया तो आंदोलन करने की संगठन के नेेताओं ने चेतावनी दी है। इस दौरान रंजीत मौर्या, वेद प्रकाश भारती समेत अन्य जेई मौजूद रहे।