कमालगंज (फर्रुखाबाद)। तीर्थस्थली शृंगीरामपुर में लगे कांवड़िया मेले में मध्यप्रदेश के भिंड जिले से आए दो कांवड़ियों की गंगा स्नान करते समय डूबने से मौत हो गई। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने गोताखोरों को बुलवाकर खोजबीन शुरू कराई। घटनास्थल से एक किमी की दूरी पर दो घंटे बाद दोनों के शव मिले। परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव लेकर चले गए।
मध्यप्रदेश के भिंड शहर के मोहल्ला हरवंश की खोल न्यू जेल रोड वाटिका से दो ट्रैक्टर ट्रॉली में करीब 40 लोग कांवड़ में जल भरने तीर्थस्थली शृंगीरामपुर आए थे। दोपहर करीब दो बजे यह लोग गंगा स्नान कर रहे थे। इसी बीच जनक सिंह (26) पुत्र कल्याण सिंह व अजय सिंह (15) पुत्र उत्तम सिंह गहरे पानी में डूब गए।
मौजूद महंत सुमित ने साथ आए कांवड़ियों को घटना की जानकारी दी। इससे घाट पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे खुदागंज चौकी प्रभारी जगदीश भाटी ने आजाद नगर भटपुरा के गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन शुरू की। घटनास्थल से करीब एक किमी दूरी पर दो घंटे बाद दोनों के शव निकाले जा सके।
शव निकलते ही परिजन व साथी रोने बिलखने लगे। कांवड़िया पोस्टमार्टम कराए बिना ही शवों को ट्रैक्टर ट्रॉली पर रखकर साथ ले गए।
महंत सुमित ने बताया कि जनक सिंह चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह भिंड में अधिवक्ता था। उसकी मां राजबेटी को घटना की सूचना दी गई है। दूसरे अजय सिंह दो भाइयों में बड़ा था। जनक सिंह के रिश्ते में अजय भतीजा था। अजय की मां राधा देवी को फ़ोन कर घटना की जानकारी दे दी गई है।