अमृतपुर। गंगा किनारे बालू खनन करते दो डंपरों में जल्दबाजी के प्रयास में भिड़ंत हो गई। इसमें एक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को ठेकेदार का कर्मचारी लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां से परिजन निजी अस्पताल ले गए।
क्षेत्र में गंगा किनारे ठेके के पट्टे में बालू का खनन काफी तेजी से चल रहा है। इसमें लगे डंपर जल्दबाजी में तेजी से दौड़ाते हैं। बुधवार आधीरात को दो डंपरों में भिड़ंत हो गई। इसमें एक डंपर का चालक नवाबगंज के गांव बराकेशव निवासी रामनिवास का पुत्र सचिन (25) घायल हो गया। घायल को ठेकेदार का कर्मचारी आगरा के थाना अचनेरा के गांव नगरिया निनवाए निवासी गौतम ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल होने की सूचना पर उसके पिता रामविलास और अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंचे। रात में ही उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल लाने वाले गौतम कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।
लावारिश वृद्धा अस्पताल में भर्ती
फर्रुखाबाद। जहानगंज थाने के गांव कुंदन गनेशपुर के पास गुरुवार दोपहर में एक 70 साल की वृद्धा बेहोशी हालत में पड़ी मिली। अवधेश सिंह की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। उसका इलाज शुरू कर दिया गया है। (संवाद)