फर्रुखाबाद। जिले में कोरोना ने फिर दस्तक दी है। रविवार को जांच रिपोर्ट में सीएमएस की डॉक्टर पत्नी और प्राइवेट अस्पताल की स्टाफ नर्स कोरोना संक्रमित निकलीं। इससे जिले में सक्रिय मामले दो हो गए हैं।
संक्रमण से बेखौफ होकर घूम रहे लोग कोविड नियमों को भूलने लगे हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में भी कोविड नियमों का पालन नहीं हो रहा है। अब जिले में कोरोना ने फिर दस्तक दी है। लोहिया अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजकुुमार गुप्ता की पत्नी डॉ. अर्चना गुप्ता और मिशन अस्पताल की स्टाफ नर्स जांच में कोरोना संक्रमित मिली हैं।
स्टाफ नर्स मिशन अस्पताल में भर्ती है, जबकि सीएमएस की पत्नी होम आइसोलेशन में हैं। दोनों ने खांसी और बुखार होने पर जांच कराई थी। जिले में छह मई को शहर का युवक कोरोना संक्रमित मिला था। इसके बाद कोई संक्रमित न मिलने से जिला संक्रमण मुक्त चल रहा था।
सीएमएस डॉ. राजकुमार गुुप्ता ने बताया कि उनकी पत्नी 16 जून को टेलीमेडिसिन डॉक्टरों की भर्ती के लिए सीएमओ कार्यालय, कानपुर में साक्षात्कार देने गई थीं। वहीं से संक्रमित होने की आशंका है। फिलहाल तबीयत में सुधार है। गले में खराश और हल्का बुखार है। उन्होंने भी अपनी कोरोना जांच कराई थी। जांच रिपोर्ट निगेटिव आई। संपर्क में रहने की वजह से आइसोलेशन में हैं।