फर्रुखाबाद। महलई गांव की शकुंतला की हत्या के आरोप में पुलिस ने बहनोई समेत शाहजहांपुर जिले के दो लोगों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है, चार आरोपी भाग निकले। आरोपियों के पास से दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
महलई गांव में सोमवार रात शकुंतला देवी(27) पत्नी सत्यदेव राजूपत की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ससुर तोताराम ने शाहजहांपुर जिले की जलालाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव सराय साधौ निवासी आजाद यादव समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आजाद शकुंतला की बहन पिंकी का पति है। हत्याकांड के खुलासे के लिए एसपी अशोक कुमार मीणा ने मऊदरवाजा एसओ आमोद कुमार सिंह व एसओजी प्रभारी जेपी शर्मा को लगाया था।
एसपी ने बताया कि जांच में पुलिस को पता चला कि शकुंतला ने सत्यदेव से दूसरी शादी की थी। पिंकी पति को छोड़कर आजाद के साथ रह रही थी। भइयादूज पर पिंकी नगदी जेवर लेकर शकुंतला के पास आ गई थी। शकुंतला पिंकी की दूसरे युवक से शादी कराना चाहती थी। जानकारी होने पर आजाद ने शकुंतला को फोन करके लाशें बिछाने की धमकी दी थी।
आजाद ने जेल में साथी बने जलालाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव कुड़री निवासी रामप्रकाश ठाकुर समेत चार शातिरों के साथ हत्या की साजिश रची। सोमवार को आजाद व पांच अन्य लोग कार से महलई पहुंचे। कार गांव के बाहर खड़ी कर दी और झोपड़ी में जाकर शकुंतला से पिंकी के बारे में पूछा। पिंकी के न मिलने पर आजाद व उसके साथी शकुंतला को ले जाने लगे। आहट होने पर तोताराम की नींद खुलकर और उन्होंने शोर मचा दिया। इस पर आजाद ने शकुंतला को गोली मार दी और फायरिंग करते हुए साथियों के साथ भाग गया।
बुधवार रात पुलिस ने हथियापुर तिराहे पर कार सवार आजाद व उसके साथियों को पकड़ने का प्रयास किया। कार सवारों ने पुलिस पर फायर कर दिए। पुलिस ने पीछा कर आजाद और रामप्रकाश ठाकुर को दबोच लिया। चार बदमाश भाग निकले। दोनों के पास से दो तमंचे व कारतूस और खोखे बरामद किए। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी भी शाहजहांपुर के रहने वाले हैं।
आजाद पर नौ, रामप्रकाश पर सात मुकदमे
शकुंतला की हत्या का आरोपी आजाद यादव शाहजहांपुुर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमले, गुंडा एक्ट सहित नौ मुकदमे दर्ज हैं। राम प्रकाश पर अपहरण, गैंगस्टर सहित सात मुकदमे दर्ज हैं। अन्य जनपदों से दोनों के आपराधिक रिकार्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।