कमालगंज (फर्रुखाबाद)। ट्रक पर आलू लादकर कानपुर स्थित मंडी गए हेल्पर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दोपहर बाद शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। चालक को हिरासत में लिया गया है।
गांव राजेपुर सरायमेदा निवासी रघुनंदन (30) ट्रक पर हेल्पर का काम करता है। मंगलवार रात करीब आठ बजे रघुनंदन महरूपुर राबी गांव निवासी चालक अवधेश कुमार के साथ ट्रक पर आलू लादकर कानपुर स्थित मंडी गया था। रात में रघुनंदन ट्रक में सो गया। सुबह चालक अवधेश ने उसे उठाया तो वह मृत मिला। चालक ने फ़ोन कर रघुनंदन के भाई सत्येंद्र को सूचना दी। दोपहर करीब दो बजे रघुनंदन का शव ट्रक से कस्बे में पहुंचा। इसके बाद शव को टेंपो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
शव आने की जानकारी मिलते ही भाई रघुवीर, मोतीलाल, उमाशंकर उर्फ पिंकी व सत्येंद्र उर्फ लाला परिजनों के साथ अस्पताल पहुंच गए। सत्येंद्र ने घटना के संबंध में तहरीर पुलिस को दी। इसमें बताया कि अवधेश कस्बा के लाला गुप्ता का ट्रक चलाता है। अवधेश भाई को कानपुर ले जाने के लिए घर से ले गया था। तहरीर मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से पूछताछ। शाम करीब छह बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने ट्रक चालक अवधेश को हिरासत में ले लिया।
परिजनों ने बताया कि रघुनंदन करीब 15 वर्ष से हेल्पर का काम कर रहा था। अवधेश के साथ काम करते एक वर्ष हुआ है। उसका विवाह करीब छह माह पूर्व हुआ था। पत्नी मंजू व मां सोनकली रो-रोकर बेहाल हो गईं। चालक अवधेश ने बताया कि उबरीखेड़ा के पास स्थित एक कोल्ड स्टोरेज से आलू लादकर कानपुर मंडी गया था। रघुनंदन की तबियत खराब थी। गुरसहायगंज पहुंचने पर उसे उल्टी हुई तो ट्रक में सुला दिया। लेकिन वह सुबह उठा नहीं। प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।