फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी ने एक करोड़ से अधिक लागत के निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
निर्धारित समय निकलने के बाद भी ट्रॉमा सेंटर का निर्माण पूरा न होने और पर्यटन विभाग के कार्यों गुणवत्ता खराब होने पर शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जनपद में एक करोड़ से अधिक लागत की 77 निर्माणाधीन योजनाओं की समीक्षा की। लोहिया अस्पताल परिसर में 18.94 करोड़ की लागत से बन रही 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट (ट्रॉमा सेंटर) का सितंबर तक निर्माण पूरा होना था। अभी तक काम अधूरा होने पर डीएम ने कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड कानपुर के प्रतिनिधि पर नाराजगी बताई। उन्होंने संस्था के खिलाफ शासन को लिखने के निर्देश दिए।
पर्यटन विभाग के कार्यों की गुणवत्ता खराब पाई गई। इस पर डीएम पर्यटन निगम के खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। यूपी सीएलडीएफ द्वारा बनाए जा रहे गो संरक्षण केंद्र पचरौली आदि की प्रगति खराब होने पर चेतावनी दी गई।
वहीं यूपी आरएनएसएस लिमिटेड को जल्दी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्ण हो चुके कार्यों का नियमानुसार हस्तांतरण किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में मानक व गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने, समय से काम पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सभी अभियंताओं को अपने प्रोजेक्ट का नियमित निरीक्षण करने के साथ ही कोई समस्या होने पर अवगत कराने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी आदि अधिकारी मौजूद रहे।