फोटो-24, जसमई रेलवे क्रासिंग पर रविवार रात पटरी बदलते कर्मचारी। स्रोत: जागरुक पाठक
फर्रुखाबाद। पूर्वोत्तर रेलवे की फर्रुखाबाद स्टेशन के पश्चिमी जसमई क्रॉसिंग पर रविवार शाम पटरी चटकी होने की सूचना मिली। इसके बाद तुरंत आवागमन बंद करके रात में ही टूटी पटरी को बदलवा दिया गया। अब क्रॉसिंग से निकलने वाली सभी लाइनों को बदला जाएगा। इसके लिए 15 मार्च की रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक सड़क यातायात बंद रहेगा।
रेलवे स्टेशन के पश्चिमी जसमई क्रॉसिंग की एक नंबर लाइन की पटरी रविवार शाम चटकी होने की सूचना रेल अधिकारियों को मिली। इसके बाद उसे बदलने के लिए शाम को ही संबंधित अफसरों को अवगत कराया गया। रात में ही रेल फाटक को बंद करके मरम्मत का काम शुरू करवा दिया। रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ जहीर अहमद खान ने बताया कि समपार संख्या 155ए (जसमई क्रॉसिंग) की एक से पांच तक की सभी लाइनों को बदलने का काम किया जाएगा।
इसके लिए नौ, 10, 11, 12, 13, 14 और 15 मार्च की रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक सड़क यातायात बंद रहेगा। यहां से निकलने वाले वाहन चालक देवरामपुर रेलवे क्रॉसिंग के वैकल्पिक मार्ग के रूप में प्रयोग कर सकेंगे। उन्होंने रात के समय पुलिस व्यवस्था रखने के लिए एसपी को पत्र भी लिखा है।