फर्रुखाबाद। कार्डधारकों को नि:शुल्क वितरण के लिए खाद्य विभाग के गोदाम में रखे राशन का शनिवार को नमूना लिया गया। चावल, तेल, नमक व चने के नमूनों की जांच प्रयोगशाला में कराई जाएगी। गोदाम से शायद पहली बार नमूने लिए गए हैं।
खाद्य विभाग की गोदामों में कार्डधारकों को वितरण के लिए आने वाले राशन की गुणवत्ता की जांच कभी नहीं कराई जाती थी। 30 दिसंबर को अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद व जिले की नोडल अधिकारी आराधना शुक्ला ने खाद्य विभाग की सातनपुर स्थित राशन गोदाम का निरीक्षण किया था। उन्होंने गुणवत्ता की जांच के संबंध में पूछताछ की तो अभिहित अधिकारी ने बताया था कि विपणन अधिकारियों ने नमूना देने से ही मना कर दिया, जबकि डिप्टी आरएमओ ने बताया था कि नमूनों की जांच रिपोर्ट नहीं आई।
इस पर नोडल अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब नमूने लिये ही नहीं गए तो जांच रिपोर्ट कहां से आएगी। उन्होंने सभी गोदामों से खाद्य सामग्रियों के नमूने लेकर जांच कराने के निर्देश दिए थे। शनिवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय टीम के साथ कमालगंज स्थित खाद्य एवं रसद विभाग की गोदाम पहुंचे।
वहां डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह व क्षेत्रीय विपणन अधिकारी स्वाती वर्मा के सामने चावल, चना, नमक व रिफाइंड के नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बिजेंद्र कुमार व आशीष वर्मा साथ रहे। अभिहित अधिकारी सय्यद शाहनवाज हैदर आबिदी ने बताया कि उनके सवा दो वर्ष के कार्यकाल में पहली बार विधिक नमूने लिए गए हैं। अभी अन्य ब्लाकों के छह गोदामों से और नमूने लिए जाएंगे। प्रयोगशाला से 20 दिन में जांच रिपोर्ट आने की उम्मीद है। नमूना फेल होने पर कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।