कमालगंज। स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों में कुछ ग्राम पंचायतों में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। विकास खंड की 23 ग्राम पंचायतों में कई माह बाद भी 851 लाभार्थियों के शौचालय नहीं बनवाए गए। कुछ ग्राम पंचायतों ने शौचालय निर्माण का पैसा भी निकाल लिया। इसके बावजूद शौचालय नहीं बनवाया। अब ब्लाक कोआर्डिनेटर ग्राम पंचायतों में जाकर शौचालयों का कार्य पूरा करने को कह रहे हैं।
खुले में शौच मुक्ति के लिए शौचालय विहीन परिवारों को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय आवंटित किए गए थे। प्रति शौचालय 12 हजार रुपये ग्राम पंचायत के खाते में भेजे गए थे। सत्यापन में विकास खंड की 23 ग्राम पंचायतों के 851 शौचालयों का निर्माण पूरा नहीं होने की रिपोर्ट आई। बहोरा में 19, दानमंडी में 18, ईशापुर में 21, जहानगंज में 19, करीमगंज में 26, महरूपुर बीजल में 24, मोहनपुर में 17, नगरिया गहलवारान में 18, निनौरा में 26, राजेपुर सरायमेदा में 88, रामपुर माझगांव में 45 शैचालय नहीं बनाए गए। ब्लाक कोआर्डीनेटर आशीष का कहना है कि ग्राम पंचायतों में जाकर उन्होंने प्रधानों से तत्काल शौचालय का कार्य पूरा कराने को कहा है।