तीन विद्युत उपकेंद्र ठप, 440 गांवों की बिजली हुई गुल
नवाबगंज। गांव बांसमई के पास 33 केवी लाइन शनिवार को हवा चलने से नीचे से निकली 11 केवी की लाइन से छू गई। इससे 11 केवी की लाइन में 33 हजार वोल्ट का करंट दौड़ने से दो ट्रांसफार्मर और दो नलकूपों के स्टार्टर जल गए। तीन विद्युत उपकेंद्र ठप हो गए और 440 गांवों की बिजली गुल हो गई। 380 गांवों की बिजली एक घंटे बाद चालू हुई और 60 गांवों की बिजली नौ घंटे बाद चालू हो सकी।
नीबकरोरी ट्रांसमिशन से 33 केवी की लाइन नीबकरोरी उपकेंद्र से होते हुई नवाबगंज और हजियापुर उपकेंद्र तक गई है। नवाबगंज क्षेत्र के गांव बांसमई के पास 33 केवी लाइन के नीचे से नीबकरोरी उपकेंद्र की 11 केवी लाइन निकली है। शनिवार सुबह 5.50 बजे तेज हवा से दोनों लाइनें टकरा गईं। इससे 11 केवी की लाइन में 33 हजार वोल्ट का करंट दौड़ गया। इससे फाल्ट होने से 33 केवी की लाइन बंद हो गई। इससे नीबकरोरी, नवाबगंज व हजियापुर उपकेंद्र ठप हो गए।
कुछ समय के लिए 11 केवी की लाइन में हाई वोल्टेज करंट दौड़ने से गांव बांसमई निवासी शीशराम के नलकूप का स्टार्टर जल गया। गांव में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। गांव रावतपट्टी निवासी अनिरूद्घ सिंह के नलकूप का 25 केवीए का ट्रांसफार्मर भी जल गया।
फाल्ट से नवाबगंज क्षेत्र के 200, हजियापुर विद्युत उपकेंद्र के 180 व नीबकरोरी उपकेंद्र के 60 गांवों की बिजली गुल हो गई। फाल्ट ठीक होने के बाद नवाबगंज व हजियापुर उपकेंद्र के 380 गांवों की बिजली एक घंटे बाद चालू हो गई। नीबकरोरी उपकेंद्र से जुड़े 60 गांवों की बिजली करीब नौ घंटे बाद चालू हो सकी।
विधायक निधि के 6.83 लाख से नगला गढ़ में होगा विद्युतीकरण
फर्रुखाबाद। पंड़ित दीन दयाल उपाध्याय ग्राम्य ज्योति योजना में विद्युतीकरण से छूटे गांव नगला गढ़ को अमृतपुर विधायक अपनी निधि से रोशन करेंगे। गांव में विद्युतीकरण के लिए विधायक ने सीडीओ को पत्र भेजा है। परियोजना निदेशक के आदेश पर विद्युत वितरण ग्रामीण खंड ने 6 लाख 83 हजार 946 रुपये का एस्टीमेट बनाकर भेजा है।
गांव-गांव बिजली पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार ने पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य ज्योति योजना शुरू की थी। इसके तहत जिले में कई गांवों को विद्युतीकरण का काम कराया गया। मोहम्मदाबाद क्षेत्र की ग्राम सभा पखना के गांव नगला गढ़ में कोई काम नहीं हुआ।
इस गांव में कुछ लोगों के घरों में बिजली कनेक्शन हैं, लेकिन वे दूर लगे पोल से केबल बांस के डंडों पर खींच कर लाए हैं। कई ग्रामीणों ने पोलों की दूरी अधिक होने के कारण कनेक्शन हीं नहीं कराया है। इस गांव में अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सुशील शाक्य ने अपनी निधि से विद्युतीकरण कराने के लिए प्रस्ताव सीडीओ के पास भेजा था।
परियोजना निदेशक राजमणि वर्मा ने अधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण को एस्टीमेट बनाकर उपलब्ध कराने के आदेश दिए थे। अधिशासी अभियंता ग्रामीण ने पौने सात लाख से अधिक का एस्टीमेट बनाकर भेजा है।
इससे गांव में 20 पोल लगाए जाएंगे, उन पर बंच केबल डाले जाएंगे। ग्रामीणों को बेहतर बिजली देने के लिए 63 केवीए का ट्रांसफार्मर भी लगाया जाएगा। परियोजना निदेशक ने बताया कि विधायक निधि से गांव में विद्युतीकरण कराया जाएगा।