खुदागंज में खाद की दुकान पर अभिलेख देखते जिला कृषि अधिकारी डॉ. राकेश कुमार। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। जनपद में यूरिया की जमाखोरी, कालाबाजारी व मिलावट पर शिकंजा कसने के लिए अधिकारियों की तीन टीमों ने दुकानों पर छापा मारा। स्टॉक में गड़बड़ी व कालाबाजारी की आशंका पर तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर यूरिया के आठ नमूने भी लिए गए। चार दुकानदारों को नोटिस भी दिया गया है।
जिला कृषि अधिकारी डॉ.राकेश कुमार सिंह ने गुरुवार को टीम के साथ तहसील सदर क्षेत्र की नौ दुकानों पर छापा मारा। टीम ने यूरिया के तीन नमूने लिए। एग्री जंक्शन वन स्टाप सेंटर खुदागंज व रजीपुर में मौके पर स्टॉक मिला, जबकि छोटेलाल खाद भंडार खुदागंज में ई-पास मशीन खराब व अभिलेख अपूर्ण मिले। तीनों दुकानों पर खाद की कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए उनके लाइसेंस निलंबित किए गए।
भूमि संरक्षण अधिकारी ने कायमगंज क्षेत्र की 16 दुकानों पर छापा मारकर तीन नमूने लिए। उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी की टीम ने सात दुकानें चेक कर दो नमूने लिए। जिला कृषि अधिकारी डॉ.राकेश कुमार सिंह ने बताया कि नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित करने के साथ चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।