कमालगंज (फर्रुखाबाद)। खुदागंज रेलवे स्टेशन के सामने बाइक व कार की आमने-सामने टक्कर होने से तीन लोग घायल हो गए। पीछे से आ रहे साथियों ने सड़क पर पड़े घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। सभी हरदोई जिले से एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।
हरदोई जिला के बिलग्राम थाना के गांव भरतनपुरवा निवासी जय सिंह (28) रविवार शाम क्षेत्र के गांव गदनपुर देवराजपुर निवासी बहन सुनीता के घर आया था। सोमवार सुबह जय सिंह बाइक से भांजी शिखा (22) व कंपिल थाना के शंकरपुर निवासी रिश्तेदार जनवेश (38) के साथ बिलग्राम में एक कार्यक्रम में गया था।
दूसरी बाइक से भांजा सर्वजीत शेखपुर निवासी दोस्त विशाल के साथ गया था। शाम करीब साढ़े 4 बजे घर वापस आते समय रास्ते में खुदागंज रेलवे स्टेशन के पास जयसिंह की बाइक में सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार शिखा, जनवेश व जयसिंह घायल हो गए। कार सवार मौके पर गाड़ी छोड़कर भाग गए।
पीछे से आ रहे सर्वजीत ने बहन, मामा और फूफा को घायल अवस्था में पड़ा देखा तो इसकी सूचना परिजनों को दी। सर्वजीत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने पर तीनों को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सघटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया।