अमृतपुर। कुठिला झील का बुधवार को एसडीएम निरीक्षण करने पहुंचे तो मछली का शिकार कर रहे लोग भाग खड़े हुए। एसडीएम के निर्देश पर होमगार्डों ने पीछा किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। एसडीएम ने कुठिला झील की सुरक्षा की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान को सौंपी है। कुठिला झील के चारों ओर कटीले तार लगवाए जाएंगे।
कुठिला झील में विदेशी पक्षियों और मछली के शिकार की खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। बुधवार को उपजिलाधिकारी हवलदार सिंह कुठिला झील का निरीक्षण करने पहुंचे। एसडीएम को देख कुठिला झील में मछली का शिकार कर रहे लोग भाग खड़े हुए। एसडीएम ने मातहतों को निर्देश दिए कि कुठिला झील में किसी भी कीमत पर शिकार नहीं होने दिया जाएगा।
कहा कि, प्रधान से बात कर मनरेगा से झील की सुरक्षा के लिए कटीले तार लगवाए जाएंगे। सुंदरीकरण के लिए भी जिलाधिकारी से मांग की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को अपना मोबाइल नंबर नोट कराते हुए कहा कि शिकारियों की सूचना उन्हें तत्काल दें। इस अवसर लेखपाल सर्वेश कुमार आदि मौजूद रहे।