कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव अरियारा में चोरों ने दो घरों में चोरी कर ली। जब तीसरे घर में घुसने का प्रयास किया तो ग्रामीण जाग गए। पीछा करने पर चोर फायरिंग कर भाग गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
गांव अरियारा निवासी कमलेश व उदयभान के घर में शुक्रवार रात को चोर घुस गए। चोरों ने कमलेश के घर से 12 हजार रुपये व चांदी की पायल और उदयभान के घर से एक मोबाइल, दो चार्जर, एक जोड़ी चांदी की पायल व मंगलसूत्र पार कर दिया। इसके बाद चोरों ने गांव के एक अन्य मकान में घुसने का प्रयास किया।
खटपट की आवाज सुनकर घरवाले जाग गए और शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर ग्रामीण भी घरों से निकल आए और चोरों का पीछा किया तो चोर हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। कमलेश व उदयभान ने कोतवाली में सूचना दी है। पुलिस ग्रामीणों से चोरों के हुलिए के बारे में पूछताछ कर रही है। वहीं ग्रामीणों में निरंतर पुलिस की गश्त न होने से भी रोष बना हुआ है।