घटना की जांच करती फोरेंसिक टीम। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। व्यापारी के घर से चोरों ने लाखों रुपये कीमत के जेवर व नगदी चोरी कर ली। गुरुवार की सुबह पड़ोसियों ने गृहस्वामी भाइयों को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। फोरेंसिक टीम ने नमूने लिए हैं। डॉग टीना घर के अंदर चक्कर लगाने के बाद छत पर जाकर रुक गई।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तलैया लाइन निवासी प्रभाकर पांडेय की परचूनी की दुकान है। वह पत्नी को साथ लेकर जनपद कासगंज की तहसील गंजडुंडवारा में दवा लेने गए थे। छोटा भाई दिवाकर पांडेय अपनी शिक्षक पत्नी को प्रसव के लिए मध्य प्रदेश के जनपद ग्वालियर गया था।
घर में ताला पड़ा था। बुधवार रात चोर मुख्य गेट के ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे व अलमारी के लॉक तोड़कर दो लाख रुपये के सोने चांदी के जेवर व पांच हजार रुपये चोरी कर लिए। गुरुवार सुबह पड़ोसियों ने प्रभाकर व दिवाकर पांडेय को घर में चोरी हो जाने की जानकारी दी।
दोपहर में कासगंज से आए दिवाकर ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।