फर्रुखाबाद। घर से बाजार जा रही एक महिला को टप्पेबाज ने शिकार बना लिया। महिला के पास से जेवरात, मोबाइल और बैग लेकर रफूचक्कर हो गए। शोरगुल पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। देर शाम तक पुलिस घटना की जांच में जुटी रही।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला दुर्गा कालोनी निवासी उमेश चंद्र की पत्नी गीता देवी का नरायनपुर गांव में दूसरा मकान है। वह रविवार शाम करीब चार बजे घर से बाजार जाने के लिए पैदल निकलीं। जब तिराहे से भोलेपुर की ओर चलीं, तभी एक युवक मिला। उसने बातों में फंसाकर घर पर हवा होने की बात कही। कहा कि वह हवा भी दूर कर देंगे और तुम्हारा जेवर भी दोगुना हो जाएगा। कुछ दूर साथ चलकर उसने महिला से चेन, कान से कुंडल उतरवा लिए। वह महिला के ही बैग में रखवाए। आंखें बंद करके 100 कदम आगे चलने को कहा। कुछ आगे ई-रिक्शा की दुकान के पास एक अन्य साथी मिला और दोनों रफूचक्कर हो गए।
महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्र हो गए। इसकी सूचना पर फतेहगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। महिला ने बताया कि बैग में मोबाइल और कुछ रुपये भी थे। सामने आने पर वह साथ चल रहे टप्पेबाज को पहचान लेंगी। पुलिस ने काफी देर महिला से पूछताछ की। कई लोगों को आरोपियों की तलाश में भेजा गया, मगर कुछ पता नहीं चला। जेवरात की कीमत एक लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।