बुधवार रात आई आंधी ने ब्लाक शमसाबाद क्षेत्र के 290 गांवों की बिजली गुल कर दी। बड़ी कुइंया और नवाबगंज के पास 33 हजार की लाइन पर पेड़ गिरने से शमसाबाद और हजियांपुर विद्युत उपकेंद्र ब्रेक डाउन हो गए। गुरुवार को अफसरों ने पेट्रोलिंग कराकर पेड़ों को हटवाने का कार्य शुरू किया।
बुधवार शाम करीब 7.30 बजे तेज आंधी आने से बड़ी कुइंया के पास से गुजरी 33 हजार लाइन पर पेड़ गिर गया। इससे शमसाबाद विद्युत उपकेंद्र ब्रेक डाउन हो गया। इस उपकेंद्र से संबद्ध टाउन, अलेपुर और मंझना फीडर बंद हो गए। इससे शमसाबाद कसबा, मुरैठी, पलिया, अलेपुर, सरपारपुर, ऊगरपुर, कटिया, पसियापुर और खुड़ना समेत 90 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसी तरह नवाबगंज के पास से गुजरी 33 हजार लाइन पर यूकेलिप्टस का पेड़ गिर पड़ा, जिससे हजियांपुर विद्युत उपकेंद्र ब्रेक डाउन हो गया।
इसके चलते उलियापुर, परमनगर, असगरपुर, हजियांपुर, सुतहड़ी, बछलैया, अमलैया आशानंद, नगला नान, बैरमपुर, दुबरी, चिलसरा, गदनपुर समेत 200 गांवों की बिजली ठप हो गई। हजियांपुर बिजली उपकेंद्र के एसएसओ ब्रजेश यादव ने बताया कि नवाबगंज के पास 33 हजार की लाइन पर यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से हजियांपुर उपकेंद्र ब्रेक डाउन हो गया। लाइन से पेड़ों को हटाने का काम चल रहा है। गुरुवार देर शाम तक बिजली आपूर्ति चालू होने की उम्मीद है।
उधर, शमसाबाद विद्युत उपकेंद्र के एसएसओ लालमियां ने बताया कि बड़ी कुइंया के पास 33 हजार वोल्टेज लाइन पर पेड़ गिरने से उपकेंद्र ब्रेक डाउन हुआ। तारों को हटवाया जा रहा है। अमृतपुर प्रतिनिधि के अनुसार गांव चपरा, हुसैनपुर, कुम्हरौर, किराचन गांव में बिजली तार टूटने से बिजली गुल हो गई। गुरुवार को लाइनमैनों ने तारों को जोड़ना शुरू कर दिया है।