कमालगंज। कमालगंज-जहानगंज मार्ग के चौड़ीकरण का काम 30 मार्च को शुरू हुआ था। रेलवे क्रॉसिंग के पास से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बीबीपुर तक सड़क चौड़ी हो गई है। सड़क किनारे बसे गांवों में पानी निकास के लिए दोनों ओर नाली बनाई जा रही है।
कमालगंज रेलवे स्टेशन क्रॉसिंग से जहानगंज चौराहा तक सवा नौ किलोमीटर लंबी सड़क का 18 करोड़ 42 लाख 29 हजार की लागत से चौड़ीकरण हो रहा है। सड़क की चौड़ाई को 3.75 मीटर से बढ़ाकर साढ़े पांच मीटर किया जा रहा है। क्रॉसिंग के पास जहानगंज रोड के बाजार वाले हिस्से में सीसी सड़क तीन माह पहले ही हो गई थी। डामर की सड़क अब कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बीबीपुर तक बन गई है। यह मार्ग जहानगंज चौराहे पर मिलता है, जहां से पतौंजा, नवोदय विद्यालय होते हुए मोहम्मदाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मिलान मोहम्मदाबाद चौराहे पर होता है। वहां से बेवर जीटी रोड के अलावा नीबकरोरी, संकिसा मार्ग से मिलान भी होता है। (संवाद)