कायमगंज। मोहल्ला चिलौली पठान निवासी विवाहिता का शव पोस्टमार्टम कराने के लिए सोमवार को कब्र से निकाला जाएगा। भाई ने अंतिम संस्कार के बाद दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
अलीगढ़ जनपद जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अनवारुल हुदा कंपाउंड निवासी आदिल शाह ने बहन इमराना की शादी 20 अक्तूबर 2013 को असीम खान निवासी कायमगंज के चिलौली पठान से की थी। नौ दिसंबर की सुबह इमराना की मौत की सूचना पर परिवार के लोग कायमगंज पहुंचे। मृतका के शरीर पर चोटों के निशान थे और नाक से खून निकल रहा था। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
आदिल के अनुसार बाद में पता चला कि दहेज के लिए ससुराल वालों ने उसकी हत्या की है। उसने पति असीम खान, सास नुजहत, ननद नाजिया, ननदोई नाजिम के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल ने डीएम से शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम कराने की अनुमति मांगी थी। डीएम ने अनुमति दे दी है। सोमवार को मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्र से शव निकाला कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।