फोटो-मजार को लेकर तनाव के बीच सड़क पर लगी ग्रामीणों की भीड़
कायमगंज। ग्राम शिवरई मठ स्थित खान बहादुर बाबा सैय्यद की प्राचीन मजार को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार रात फिर उफान पर आ गया। पुलिस द्वारा ग्राम प्रधान के पति सुनील चक को हिरासत में लेने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण तिराहे पर जमा होकर विरोध जताने लगे।
सूचना पर एसडीएम अतुल कुमार, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए एडीएम अरुण कुमार सिंह, एएसपी डॉ. संजय कुमार सिंह समेत भारी पुलिस बल भी पहुंच गया। अधिकारियों ने मौके पर बैठकर राजस्व अभिलेखों की जांच की, जिसमें स्थल को मकबरा के रूप में दर्ज पाया गया।
मजार का विवाद 1 अगस्त को तब शुरू हुआ था, जब एक ग्रामीण खड़क सिंह ने वहां लगी टाइल्स और ग्रिल को क्षतिग्रस्त किया। 7 अगस्त को दोनों पक्षों में नारेबाजी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी मामले में सोमवार को पुलिस ने दोनों पक्षों के 44 नामजद और करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसमें शामिल नामजद सुनील चक को पुलिस ने मंगलवार देर शाम पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इस कार्रवाई के विरोध में करीब डेढ़ सौ ग्रामीण तिराहे पर खड़े होकर जाम लगाने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि सुनील चक के खिलाफ कार्रवाई अनुचित है। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तारी नहीं हुई है, केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उन्होंने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है।