फोटो-18, गंगलऊ परमनगर में डबल पोल से गिरा ट्रांसफार्मर। स्रोत: कर्मचारी
फर्रुखाबाद। शनिवार रात कायमगंज क्षेत्र में आई तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया। इस दौरान दस बिजली के पोल टूट गए और तीन ट्रांसफार्मर फुंक गए। बिजली आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ता परेशान हैं, वहीं लगातार काम कर रहे कर्मचारी भी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।
शनिवार रात आंधी की तीव्रता कायमगंज क्षेत्र में अधिक रही। गांव सहसईया में पांच-छह पोल के तार टूटकर गिर गए। गांव ढर्राशादीनगर में 33केवी लाइन का एक पोल झुक गया, जिससे साहबगंज उपकेंद्र ठप हो गया। कर्मचारियों ने रविवार सुबह आठ बजे तक तारों की मरम्मत कर और पोल सीधा कर बिजली आपूर्ति बहाल की। आंधी के कारण गांव गंगलऊ परमनगर में डबल पोल पर रखा 100केवीए का एक ट्रांसफार्मर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। नवाबगंज में 63 केवीए का और हजियापुर में 25केवीए का एक-एक ट्रांसफार्मर फूंक गया। कायमगंज अधिशासी अभियंता शिवशंकर ने बताया कि क्षेत्र में दस पोल टूटने की सूचना मिली थी। दोपहर बाद तक सभी फीडर चालू कर दिए गए।
कर्मचारियों की कमी और सामग्री का अभाव बना चुनौती
अधिकारियों द्वारा फॉल्ट समय से अटेंड कर जल्द आपूर्ति बहाल करने के फरमान जारी किए जा रहे हैं। हालांकि, बीस से पच्चीस किलोमीटर लंबे फीडर पर चौबीस घंटे के लिए मात्र तीन लाइनमैन तैनात हैं। इनमें से केवल एक ही लाइनमैन प्रशिक्षित है। आंधी के चलते लाइनमैनों को रात-दिन मरम्मत कार्य में लगाया जाता है। देरी होने पर उन्हें फटकार भी मिलती है। इसके अलावा आउटसोर्स कर्मियों की संख्या भी नहीं बढ़ाई जा रही है, जिससे वे खुद को उत्पीड़ित महसूस कर रहे हैं। कुछ कर्मचारियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के लिए तेल और बुशिंग जैसी सामग्री नहीं मिल रही है। बिना सामग्री के बिजली व्यवस्था सुचारू रूप से कैसे चल सकती है, यह एक बड़ा सवाल है। कर्मचारियों को डर है कि मुंह खोलने पर उन्हें नौकरी गंवानी पड़ सकती है। जिले से ऊपर वाले अधिकारी केवल फरमान जारी कर रहे हैं।
फोटो-18, गंगलऊ परमनगर में डबल पोल से गिरा ट्रांसफार्मर। स्रोत: कर्मचारी
फोटो-18, गंगलऊ परमनगर में डबल पोल से गिरा ट्रांसफार्मर। स्रोत: कर्मचारी