फर्रुखाबाद। राजेपुर स्थित हनुमान मंदिर में शादी के बाद एक युवती ने पति के साथ जाने से इन्कार कर दिया। युवक हुकुम सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के नाम पर उससे 60 हजार रुपये और 20 हजार रुपये के कपड़े लिए गए थे। ठगी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है।
यह घटना शनिवार शाम राजेपुर हनुमान मंदिर में हुई, जहां अंबरपुर गांव निवासी हुकुम सिंह की शादी कराई गई थी। शादी करवाने में शाहजहांपुर जनपद की दो महिलाएं और एक युवक शामिल थे। रविवार को युवती ने हुकुम सिंह के साथ रहने से मना कर दिया, जिसके बाद राजेपुर तिराहे पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। हुकुम सिंह ने थाना राजेपुर में युवती और अन्य तीनों के खिलाफ रुपये लेने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवती, दोनों महिलाओं और युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये महिलाएं इसी तरह भोले-भाले युवकों को शादी का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाती हैं। इस गिरोह के सदस्यों पर पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम देने का संदेह है। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे मामले की गहनता से जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।