शमसाबाद थाना क्षेत्र के दलेलगंज गांव के पास फर्रुखाबाद-कायमगंज मार्ग पर सांड़ को बचाने में बेकाबू होकर टेंपो पलट गया। इस दुर्घटना में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
टेंपो चालक शिवदत्त निवासी उलियापुर बुधवार को फैजबाग से सवारियां लेकर मंझना रेलवे स्टेशन जा रहा था। दलेलगंज गांव के पास फर्रुखाबाद-कायमगंज मार्ग पर अचानक सांड़ के आने से टेंपो पलट गया। इसमें चालक शिवदत्त के अलावा बाबा बलरामदास निवासी शाहजहांपुर थाना कटरा गांव भीम नगला और प्रमोद कुमार निवासी हरदोई घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चालक शिवदत्त को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
उधर, इसी थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव निवासी अख्तर की चिलसरा रोड पर मीट की दुकान है। बुधवार को अख्तर बाइक से घर लौट रहे थे। अख्तर हेलमेट नहीं लगाए थे। भिड़ौर गांव के पास ट्रैक्टर की चपेट में आकर अख्तर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया।